कबड्डी में चयन पर अनिल जस्टा को भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर ने दी बधाई
हिमाचल के होनहार कबड्डी खिलाड़ी अनिल जस्टा को प्रो कबड्डी लीग में बड़ी कामयाबी मिली है। मशहूर टीम यू मुंबा ने उन्हें ₹78 लाख की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है।
इस उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने अनिल जस्टा को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरे शिलाई क्षेत्र, जिला सिरमौर और हिमाचल के लिए गर्व का क्षण है।
बलदेव तोमर ने कहा कि सीमित संसाधनों वाले पहाड़ी क्षेत्र से आकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना आसान नहीं होता। अनिल की यह सफलता उनके समर्पण और मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि जब युवा नशे जैसी बुराइयों में उलझ रहे हैं, ऐसे समय में अनिल जैसे खिलाड़ी प्रेरणास्त्रोत बनते हैं। उनका संघर्ष और सफलता आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा दिखाएगी।
बलदेव तोमर ने केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ योजना की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण खिलाड़ियों को मंच देने का काम कर रही है। अनिल जस्टा की सफलता इसका स्पष्ट प्रमाण है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा हमेशा युवाओं को रचनात्मक रास्ते पर आगे बढ़ाने की सोच रखती है। खेलों को बढ़ावा देना भाजपा की नीति का हिस्सा है।
प्रदेश के युवाओं को उन्होंने संदेश दिया कि वे अनिल जस्टा से प्रेरणा लें। नशे से दूर रहें और खेल व सकारात्मक गतिविधियों में भाग लें।
अंत में उन्होंने अनिल जस्टा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि भाजपा ऐसे मेहनती युवाओं के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।