हिमाचल प्रदेश मे ऑरैंज अलर्ट : नाले में बाढ़, कई वाहन फंसे, 4 दिन तक यैलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर से करवट ले ली है। शनिवार को मौसम विभाग द्वारा 6 जिलों में ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया। इसी बीच शिमला जिले के रामपुर में जगातखाना नाले में अचानक आई बाढ़ से कई वाहन मलबे में फंस गए।
श्राईकोटी मंदिर के पास ओलावृष्टि हुई, जिससे स्थानीय लोग और श्रद्धालु परेशान दिखे। कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र के ब्रौ गांव में भी भारी बारिश हुई है।
राजधानी शिमला, धर्मशाला, कांगड़ा और चम्बा समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई। वहीं ऊना जिले में गर्मी से राहत नहीं मिली। शनिवार को यहां तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो शुक्रवार से ज्यादा है। शिमला में तापमान 25.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो शिमला में 0.7, धर्मशाला में 1, कांगड़ा और चम्बा में 2-2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रोहड़ू और जुब्बल में भी हल्की ओलावृष्टि और वर्षा हुई।
राज्य के कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं। रिकांगपिओ में 56 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आई। ताबो, कोटखाई, बजौरा और नारकंडा में भी तेज तूफान चला।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि केरल में मानसून तय समय से 8 दिन पहले पहुंच चुका है। हिमाचल में इसके 5 जुलाई तक पहुंचने की संभावना है।
आगामी 4 दिनों के लिए राज्य में यैलो अलर्ट जारी किया गया है। 25 और 26 मई को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में आंधी, मेघ गर्जन और बिजली गिरने की संभावना है।
27 और 28 मई को पूरे प्रदेश में यैलो अलर्ट रहेगा। लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। सभी से सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।