Himachal News Update: अटल टनल मार्ग पर भारी बर्फबारी के चलते यातायात प्रतिबंधित! 4×4 वाहनों को जाने की ही अनुमति

Himachal News Update: अटल टनल के साउथ पोर्टल की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी और लगातार बर्फबारी के कारण प्रशासन ने नेहरू कुंड से साउथ पोर्टल तक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। जिला दंडाधिकारी कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने यह जानकारी दी।

Himachal News Update: अटल टनल मार्ग पर भारी बर्फबारी के चलते यातायात प्रतिबंधित! 4×4 वाहनों को जाने की ही अनुमति
उन्होंने बताया कि 70 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी (GREF) के अधिकारी कमांडिंग ने अपने कार्यालय पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि अटल टनल के साउथ पोर्टल (एप्रोच रोड–ARS) की ओर जाने वाली सड़क पर भारी बर्फबारी के कारण बर्फ का जमाव, आइसिंग तथा दृश्यता में कमी की स्थिति बनी हुई है।

ऐसे में मनाली, सोलंग तथा अटल टनल की ओर वाहनों की आवाजाही अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गई है, जिससे आम जनता और पर्यटकों के जीवन तथा संपत्ति को खतरा हो सकता है।


उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस विभाग, उपमंडल दंडाधिकारी मनाली तथा बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) के अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद नेहरू कुंड से अटल टनल के साउथ पोर्टल और साउथ पोर्टल से नेहरू कुंड की ओर यातायात को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है।
जिला दंडाधिकारी ने बताया कि बीआरओ द्वारा सड़क से बर्फ हटाने का कार्य जारी है। बर्फ हटाने के लिए भारी मशीनरी की आवश्यकता होती है और इसके सुचारु संचालन के लिए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोकना जरूरी है।


इसी के मद्देनज़र आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 (e) के तहत यह आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उपमंडल दंडाधिकारी मनाली तथा उप पुलिस अधीक्षक मनाली इस मार्ग पर फंसे हुए वाहनों की निकासी को प्राथमिकता देंगे।
वहीं पुलिस विभाग द्वारा नेहरू कुंड और सोलंग नाला में 24 घंटे बैरियर स्थापित किए जाएंगे, ताकि वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं के वाहन—जैसे एम्बुलेंस, पुलिस, फायर टेंडर और बीआरओ—तथा स्थानीय निवासियों को केवल 4×4 वाहनों के माध्यम से ही आवागमन की अनुमति होगी। इस व्यवस्था की निगरानी उपमंडल दंडाधिकारी मनाली द्वारा की जाएगी।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!



