Paonta Sahib Holi Mela: गुरुद्वारा ग्राउंड में गूंजी दंगल की हुंकार, जम्मू के फारूक बने ‘माली’ विजेता

पांवटा साहिब: होली मेले के समापन समारोह के मौके पर पांवटा साहिब में पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गुरुद्वारा ग्राउंड में हुए इस दंगल ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। देश के अलग-अलग राज्यों से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया।

Paonta Sahib Holi Mela: गुरुद्वारा ग्राउंड में गूंजी दंगल की हुंकार, जम्मू के फारूक बने ‘माली’ विजेता
नगर पालिका की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में एसडीएम पांवटा गुंजित सिंह चीमा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी कंचन वाला और लिपिक बारूराम ने स्टाफ के साथ ढोल-नगाड़ों से मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग गुरुद्वारा ग्राउंड पहुंचे। पूरे मैदान में दंगल का माहौल देखने को मिला। दर्शकों ने पहलवानों के हर दांव-पेच पर तालियों और उत्साह के साथ उनका हौसला बढ़ाया।


अपने संबोधन में एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने कहा कि कुश्ती भारत का पारंपरिक खेल है। इसे बढ़ावा देने के लिए हर साल होली मेले में दंगल का आयोजन किया जाता है। उन्होंने इसके सफल आयोजन के लिए पांवटा साहिब के लोगों को बधाई दी।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्ष में होली मेले को और अधिक भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस परंपरा से जुड़ सकें।


एसडीएम ने मेले के शांतिपूर्ण समापन के लिए नगर परिषद, पुलिस विभाग और अन्य सहयोगी विभागों का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से डीएसपी मानवेन्द्र ठाकुर और कार्यकारी अधिकारी कंचन वाला के प्रयासों की सराहना की।
कुश्ती प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड सहित कई राज्यों से पहलवानों ने भाग लिया। सभी खिलाड़ियों ने शानदार मुकाबले पेश कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कई रोचक मुकाबलों के बाद फाइनल में जम्मू के फारूक और पंजाब के विवेक पहलवान आमने-सामने पहुंचे। दोनों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
अंतिम मुकाबले में जम्मू के फारूक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘माली’ का खिताब जीत लिया। उन्हें 51 हजार रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
वहीं पंजाब के विवेक पहलवान उपविजेता रहे। उन्हें 31 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
एसडीएम गुंजित सिंह चीमा ने विजेता और उपविजेता को गदा और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!



