Himachal Crime News : हाईवे पर मिला नेपाली युवक का शव, सिर और गर्दन पर चोट के निशान; हत्या की जांच में जुटी पुलिस
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक नेपाली मूल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। डोची के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर 33 वर्षीय युवक हिरेन्द्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर, मुंह और गर्दन के आसपास खून के निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मंदिर से लौट रहे युवकों ने देखा शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब 9:50 बजे मंडोल गांव के साहिल भीमटा अपने तीन दोस्तों सक्षम, अखिल और हर्ष के साथ हटकोटी मंदिर से लौट रहे थे। चारों सक्षम की कार में सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। जब वे डोची के पास पहुंचे तो उन्हें सड़क पर एक व्यक्ति औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया।
युवकों ने पास जाकर देखा तो उसके सिर, मुंह और गर्दन के आसपास खून लगा हुआ था। युवक कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। आसपास भी कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद साहिल ने जुब्बल पुलिस थाने को सूचना दी, जबकि हर्ष ने एंबुलेंस सेवा 108 को फोन किया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस के कर्मचारियों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

कच्चे रास्ते पर भी मिले खून के निशान
घटनास्थल के पास एक कच्चा रास्ता नाले की ओर जाता है। पुलिस को इस रास्ते पर भी खून की बूंदें मिली हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक पर सड़क से नीचे जाने वाले रास्ते पर हमला हुआ हो और बाद में उसे मुख्य सड़क पर छोड़ दिया गया हो। हालांकि, घटना वास्तव में कहां हुई और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। उसके कपड़ों से भी कोई पहचान पत्र नहीं मिला। बाद में उसकी पहचान 33 वर्षीय हिरेन्द्र के रूप में हुई, जो नेपाली मूल का था और पिछले कई वर्षों से जुब्बल में रह रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
साहिल भीमटा के बयान और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 19 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।


