शिलाई में 500 करोड़ के विकास कार्य जारी, शिक्षा-स्वास्थ्य और सड़कों को मजबूत करने पर जोर
नाहन, 27 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
मंत्री ने अपने प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत लोजा मानल में राजकीय उच्च विद्यालय लोजा के 15 लाख रुपये की लागत से बने अतिरिक्त कमरों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नए कमरों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
शिक्षा के क्षेत्र में हो रहा सुधार

हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है। वहीं, 157 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है, जिनमें शिलाई, सतौन और कफोटा के विद्यालय भी शामिल हैं। शिलाई क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में इस कार्यकाल के दौरान 125 से अधिक कमरों का निर्माण करवाया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार

उन्होंने बताया कि कमरऊ, सतौन, टिंबी, चांदनी, पनोग और कोटा पाब में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन बनाए जा रहे हैं। शिलाई अस्पताल में 10 डॉक्टर और 12 नर्सें सेवाएं दे रही हैं। यहां करीब 25 लाख रुपये की लागत से एक्स-रे मशीन भी स्थापित की गई है।
इसके अलावा, लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल का निर्माण जारी है। करीब 15 करोड़ रुपये से छह मंजिला मिनी सचिवालय भी बनाया जा रहा है।

सड़क और रोजगार पर भी ध्यान
मंत्री ने बताया कि द्राबिल से नाया पंजोड़ सड़क को लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से मजबूत और पक्का किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 50 हजार पद भरे गए हैं और मंत्रिमंडल ने हाल ही में 15 हजार अन्य पदों को मंजूरी दी है। सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार देने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और कर्मचारियों-पेंशनरों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


