Shimla News: पुलिस कर्मियों को बड़ी राहत, हिम बस कार्ड अब फ्री—ऑनलाइन आवेदन जरूरी

शिमला: प्रदेश सरकार ने पुलिस कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है अब एचआरटीसी की बसों में रियायती सफर के लिए बनने वाला “हिम बस कार्ड” पुलिस कर्मियों के लिए पूरी तरह मुफ्त होगा। इसके लिए लगने वाला 200 रुपए जीएसटी शुल्क माफ कर दिया गया है।

हालांकि, रियायती यात्रा का लाभ लेने के लिए हिम बस कार्ड बनवाना अनिवार्य रहेगा। बिना कार्ड के पुलिस कर्मचारियों को भी सामान्य यात्रियों की तरह पूरा किराया देना होगा।

सरकार के निर्देशों के अनुसार, सभी पुलिस कर्मियों को हिम बस कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए एचआरटीसी के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।


आवेदन के दौरान जरूरी दस्तावेज भी ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन बाकी सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद तैयार कार्ड को कर्मचारी अपने चुने गए कलेक्टिंग सेंटर से प्राप्त कर सकेंगे। इसके बाद ही उन्हें बसों में रियायती दरों का लाभ मिलेगा।


एचआरटीसी अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था पारदर्शिता लाने के लिए लागू की गई है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि रियायती सुविधा केवल पात्र कर्मचारियों को ही मिले।
निगम का कहना है कि अब तक पुलिस कर्मचारी अक्सर बसों में सफर करते रहे हैं। कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर रैंक तक करीब 16 हजार कर्मी इस सुविधा का उपयोग करते हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस विभाग हर कर्मचारी के वेतन से हर महीने 500 रुपए काटकर एचआरटीसी को भुगतान करता है। इसके बावजूद कार्ड बनाना अब अनिवार्य कर दिया गया है।
निगम अधिकारियों का मानना है कि हिम बस कार्ड से यात्रियों का सटीक रिकॉर्ड तैयार होगा। इससे यह भी पता चलेगा कि कितने कर्मचारी नियमित रूप से बस सेवा का लाभ उठा रहे हैं।
यह नई व्यवस्था न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में भी मददगार साबित होगी।



