हिमाचल में नशे की मार: बेटे की गिरफ्तारी का गम, मां ने तोड़ा दम, पति बेसुध
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले मे नशे की लत ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। हमीरपुर जिले में एक महिला ने अपने बेटे की गिरफ्तारी के गम में दम तोड़ दिया। बेटा चिट्टा तस्करी के आरोप में जेल में बंद था। वहीं, महिला का पति भी नशे की हालत में बेसुध पड़ा रहता है।
घटना जिला मुख्यालय के पास की है। सुबह महिला की मौत की खबर 85 वर्षीय सास ने पड़ोसियों को दी। दुख की इस घड़ी में महिला का पति इतना नशे में था कि वह अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाया।
रिश्तेदारों ने कोर्ट से बेटे को कुछ घंटों के लिए रिहा करवाया। मानवीय आधार पर मिली इजाजत के बाद बेटा मां के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ और मुखाग्नि दी। फिर पुलिस उसे वापस जेल ले गई।
परिवार पहले खुशहाल था, लेकिन बेटे की नशे की लत सब कुछ तबाह कर गई। जांच में खुलासा हुआ कि बेटे ने अपनी मां के बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध लेनदेन में किया। महिला को इसकी जानकारी नहीं थी।
बेटे की गिरफ्तारी के बाद से ही महिला मानसिक रूप से टूट चुकी थी। वह उसे सुधारने की कोशिश करती रही, लेकिन बेटा लगातार नशे के दलदल में फंसता गया। ऊना में भी उस पर पहले मामला दर्ज हो चुका था।
अब 85 साल की बुजुर्ग महिला अकेली रह गई है। बेटे और बहू दोनों नशे की भेंट चढ़ गए। रिश्तेदारों और पड़ोसियों की मदद से उन्होंने बहू का अंतिम संस्कार किया।
यह घटना समाज को सोचने पर मजबूर करती है कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार को तबाह कर देता है।