CM Sukhu: दो महीने में CBSE स्कूलों में उपलब्ध होंगे सभी अध्यापक! लेक्चरर और असिस्टेंट लेक्चरर के भरे जाएंगे 400-400 पद

CM Sukhu: प्रदेश में 140 स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम आधारित किया जा रहा है और अगले दो महीनों के भीतर इन स्कूलों में सभी आवश्यक अध्यापक उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इन स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए अलग ड्रेस कोड भी निर्धारित किया जाएगा। यह जानकारी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय नादौन के 29वें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में दी।

CM Sukhu: दो महीने में CBSE स्कूलों में उपलब्ध होंगे सभी अध्यापक! लेक्चरर और असिस्टेंट लेक्चरर के भरे जाएंगे 400-400 पद
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में जल्द ही लेक्चरर के 400 और असिस्टेंट लेक्चरर के 400 पद भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में कैंसर अस्पताल के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक भी स्थापित किया जाएगा और 100 करोड़ रुपये की लागत से मदर एंड चाइल्ड अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नादौन कॉलेज में आने वाले समय में नए कोर्स शुरू किए जाएंगे।

नादौन मेरी जन्मभूमि भी और कर्मभूमि भी- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नादौन मेरी जन्मभूमि भी है और कर्मभूमि भी। मैं यहां का विकास सुनिश्चित कर रहा हूं और आने वाले समय में नादौन स्पोर्ट्स टूरिज्म का केंद्र बनकर उभरेगा।’’ उन्होंने कहा कि खरीड़ी में 160 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्पोर्ट्स सेंटर बनाया जा रहा है, जिसे जून तक पूरा कर लिया जाएगा।


इसके अतिरिक्त ब्यास नदी पर 300 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा, जबकि 80 करोड़ रुपये से रिवर राफ्टिंग सेंटर और 100 करोड़ रुपये से वेलनेस सेंटर स्थापित किया जाएगा।
पानी की गुणवत्ता सुधार पर 1500 करोड़
प्रदेश में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पानी की गुणवत्ता सुधार पर 1500 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। अपने छात्र जीवन और राजनीतिक सफर को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान इसी कॉलेज में मतगणना के समय उन्हें भावनात्मक क्षणों का अनुभव हुआ।


उन्होंने कहा कि भाग्य और जनता के आशीर्वाद से उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा ‘‘मन में सवाल था कि क्या कांग्रेस की सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री कौन बनेगा। पद एक होता है, चाहने वाले बहुत होते हैं।
भगवान के आशीर्वाद से मैं सबसे लंबी अवधि तक कांग्रेस का अध्यक्ष रहा और मुझसे पहले डॉ. यशवंत सिंह परमार की पत्नी विद्या डांग 6 साल 10 महीने अध्यक्ष रही थीं। भाग्य ने साथ दिया और मुझे मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला है। देश के इतिहास में कोई जिला ही होगा, जहां से दो मुख्यमंत्री बने हैं। भाजपा से प्रो. प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री रहे और अब यह सौभाग्य मुझे मिला है।’’
2032 तक सबसे समृद्धशाली राज्य बनेगा हिमाचल
सुक्खू ने कहा कि आने वाला समय हिमाचल के युवाओं का है। उन्होंने दोहराया कि हिमाचल वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर और 2032 तक सबसे समृद्धशाली राज्य बनेगा। उन्होंने कहा ‘‘भाजपा इसका मजाक बनाती है क्योंकि उन्होंने कुछ नहीं किया। लेकिन हम प्रदेश के लोगों का भविष्य संवारेंगे।’’
उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार को आरडीजी और जीएसटी कंपनसेशन के रूप में 70 हजार करोड़ रुपये मिले, जबकि हमें आरडीजी के रुप में सिर्फ 17 हजार करोड़ रुपये मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को संविधान के अनुच्छेद 275 (1) में आरडीजी का अधिकार दिया गया है, जिसे बंद कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मैं आरडीजी की बहाली के लिए भाजपा के नेताओं के नेतृत्व में दिल्ली जाने को भी तैयार हूं लेकिन वह तैयार नहीं हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के लोगों के अधिकार की लड़ाई लड़ रही है। राज्य सरकार बिजली परियोजनाओं से 50 प्रतिशत रॉयल्टी की मांग कर रही है लेकिन भाजपा उसका भी विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश पर पुरानी पेंशन योजना को बंद करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह फैसला राजनीतिक लाभ के लिए नहीं किया है, बल्कि इसका उद्देश्य कर्मचारियों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ओपीएस से कभी पीछे नहीं हटेगी।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!



