पहाड़ी रील्स से बॉलीवुड तक: हिमाचल की चाहत का नेटफ्लिक्स पर जलवा, रवि किशन संग किया काम, निभाया महिला पुलिस का किरदार

हिमाचल की बेटी चाहत अरोड़ा ने पहाड़ी रील्स से नेटफ्लिक्स के बड़े पर्दे तक का शानदार सफर तय किया है। शिमला के न्यू शिमला की रहने वाली चाहत आज न केवल हिमाचल का नाम रोशन कर रही हैं, बल्कि ओटीटी (OTT) की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।

पहाड़ी रील्स से बॉलीवुड तक: हिमाचल की चाहत का नेटफ्लिक्स पर जलवा, रवि किशन संग किया काम, निभाया महिला पुलिस का किरदार
उन्होंने नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मामला लीगल है’ में अपने दमदार अभिनय से सबको प्रभावित कर दिया है। वह अभिनेता रवि किशन के साथ एक महिला पुलिस अधिकारी के चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आई हैं।

सुपरस्टार रवि किशन जैसे मंझे हुए कलाकार के साथ स्क्रीन शेयर करना और अपनी छाप छोड़ना चाहत की काबिलियत का सबूत है। जैसे ही यह वेब सीरीज 3 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, लोगों में भी इसका क्रेज सर चढ़कर बोलने लगा और हिमाचल की बेटी की भूमिका को भी खूब सराहा गया।


गेयटी थिएटर से शुरू हुआ अभिनय का सफर
चाहत के अभिनय की नींव शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के मंच पर पड़ी। उन्होंने पहाड़ी समाज के रोजमर्रा के किरदारों जैसे बस कंडक्टर, पहाड़ी मां-बेटे की खट्टी-मीठी नोकझोंक को अपनी कॉमेडी रील्स में उतारा। उनकी इन ‘पहाड़ी रील्स’ ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।
असिस्टेंट डायरेक्टर और क्रिएटिव प्रोड्यूसर के रूप में बनाई पहचान
चाहत सिर्फ एक बेहतरीन अदाकारा ही नहीं हैं, बल्कि उन्हें कैमरे के पीछे की भी गहरी समझ है। अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले कैमरे के पीछे असिस्टेंट डायरेक्टर और क्रिएटिव प्रोड्यूसर के रूप में काम किया।


इस दौरान उन्होंने आदित्य रॉय कपूर, अनन्या पांडे, राजकुमार राव, सैफ अली खान, करण जौहर और विक्की कौशल जैसे कई बड़े कलाकारों के साथ कवर शूट्स किए।
दिल्ली विश्वविद्यालय से किया ग्रेजुएशन
चाहत ने शुरुआती पढ़ाई शिमला के कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी चेल्सी स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने डीएवी पब्लिक स्कूल न्यू शिमला से अपनी बारहवीं पूरी की। जिसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज से इंग्लिश ऑनर्स में स्नातक किया।
क्या कहती है चाहत अरोड़ा
चाहत अरोड़ा का कहना है, मैंने पहाड़ों की छोटी-छोटी कहानियों से शुरुआत की थी और आज वही कहानियां मुझे बड़े मंच तक लेकर आई हैं। अभिनय मेरे लिए लोगों के जीवन से जुड़ने का माध्यम है। साल 2021 में शिमला में शादी के बंधन में बंधी चाहत आज करोड़ों पहाड़ी युवाओं की प्रेरणा बन चुकी हैं।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!



