
नाहन में धमकी देकर वसूली करने का मामला: आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार नकद और महंगी शराब की दो बोतलें बरामद
नाहन (सिरमौर): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में धमकाकर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ₹30,000 नकद और महंगी शराब की दो बोतलें भी बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, सदर थाना नाहन में 18 नवंबर 2026 को इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत FIR नंबर 227/2026 दर्ज की गई है।
मामले की शुरुआत शराब के रेट को लेकर हुए विवाद से हुई थी। शिकायतकर्ता नाहन में एक शराब के ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। कुछ समय पहले उसकी एक व्यक्ति के साथ शराब की कीमत को लेकर बहस हो गई थी। इसके बाद उस व्यक्ति ने सेल्समैन के खिलाफ CM हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में उक्त व्यक्ति शिकायत वापस लेने के बदले उससे ₹30,000 नकद और शराब की दो महंगी बोतलें मांगने लगा। साथ ही उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी गई। आरोप है कि दबाव में आकर सेल्समैन ने उसे नकदी और शराब की बोतलें दे दीं। इसके तुरंत बाद उसने सदर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शुभम सहोत्रा (31), निवासी चिड़ावाली, नाहन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से शिकायतकर्ता द्वारा दी गई बताई जा रही ₹30,000 की नकदी और शराब की दोनों बोतलें बरामद की हैं। इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति शिकायत वापस लेने, बदनाम करने या नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर पैसे अथवा कीमती सामान मांगे तो उसके दबाव में न आएं। ऐसी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही फोन कॉल, मैसेज और चैट जैसे डिजिटल सबूत सुरक्षित रखें।
फिलहाल मामले की जांच सदर थाना नाहन की पुलिस कर रही है।



