
Paonta Sahib: कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय फ्लैग अमेरिकन फुटबॉल में लहराया परचम, श्वेता ने जीता गोल्ड तो गगन ने कांस्य पदक पर जमाया कब्जा
पांवटा साहिब (सिरमौर): जिला सिरमौर के कोटड़ी व्यास के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कर्नाटक के बेंगलुरु में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय लीग फ्लैग अमेरिकन फुटबॉल प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास की श्वेता ने गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की, जबकि गगन ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी जीत की खुशी में माजरा से परदूनी होते हुए कोटड़ी व्यास तक भव्य विजय रैली निकाली गई। रैली के दौरान अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय लोगों ने खिलाड़ियों का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
इस दौरान खिलाड़ियों के कोच एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए ग्रामीणों, अभिभावकों और सहयोग करने वाले समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इससे पहले माजरा में समाजसेवी पवन चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं, ‘मेरा गांव मेरा देश एक सहारा’ संस्था के संस्थापक डॉ. अनुराग गुप्ता, प्रधान पुष्पा खडुजा और हेमंत कंवर पाल ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इसके अलावा बीडीसी सदस्य राजेश सोहल ने अपनी मोबाइल शॉप पर खिलाड़ियों के सम्मान में स्वागत कार्यक्रम और टी-पार्टी का आयोजन किया।

इस अवसर पर पंचायत सदस्य कंवर पाल, सोनू, हेमंत, मान सिंह, अनिल कुमार, सुमन, मीरा सहित कई गणमान्य लोग, अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से कोटड़ी व्यास सहित पूरे पांवटा साहिब क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।



