
अब हिमाचल में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते चौकी प्रभारी गिरफ्तार, विजिलैंस ने बिछाया जाल और रंगे हाथों दबोचा
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलैंस धर्मशाला की टीम ने पुलिस विभाग के एक सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भजन जरयाल के रूप में हुई है, जो पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस चौकी सदवां में प्रभारी के पद पर तैनात था।

जानकारी के अनुसार, आरोपी सब-इंस्पेक्टर पर एक मामले में कैंसिलेशन रिपोर्ट तैयार करवाने में मदद करने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। इस संबंध में तहसील नूरपुर के निवासी गौरव सिंह ने विजिलैंस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसके खिलाफ दर्ज एक मामले को रफा-दफा करने और उसकी कैंसिलेशन रिपोर्ट तैयार करने में सहयोग देने के लिए आरोपी अधिकारी ने पहले 30 हजार रुपये मांगे थे। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 20 हजार रुपये तय हुई।

शिकायत मिलने के बाद विजिलैंस धर्मशाला की टीम ने मामले की जांच की और आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, विजिलैंस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।
इस कार्रवाई के बाद विजिलैंस थाना धर्मशाला में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विजिलैंस टीम अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



