नाहन में गेट लगाने को लेकर दो पक्षों में टकराव, पुलिस और तहसीलदार की गाड़ियों पर भी हमला
नाहन (सिरमौर): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन स्थित वाल्मीकि चौक पर गेट लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। 23 अक्टूबर को शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर और कांच की बोतलों से पथराव हुआ। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस के जवान भी इसकी चपेट में आ गए। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं, जबकि सरकारी और निजी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
गेट लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
सिरमौर पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:15 बजे पुलिस चौकी कच्चा टैंक को वाल्मीकि चौक पर विवाद की सूचना मिली। बताया गया कि गोविंदगढ़ मोहल्ले के कुछ लोग वाल्मीकि चौक से दिल्ली गेट की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर गेट लगा रहे थे। इस पर वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने आपत्ति जताई।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति शांत करने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया।
पुलिसकर्मियों पर भी हुआ हमला

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। इस घटना में कुछ जवान घायल हुए हैं। मौके पर खड़े सरकारी और निजी वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया।
इसके बाद जब तहसीलदार नाहन विवाद को सुलझाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे, तो भीड़ ने उनकी सरकारी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। इस दौरान गाड़ी पर पथराव किया गया और डंडों से तोड़फोड़ भी की गई।
मामला दर्ज, आरोपियों की पहचान जारी
पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के बाद अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।
इस मामले में पुलिस थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
सिरमौर पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



