पांवटा साहिब में यमुना शरद महोत्सव का आगाज, DC प्रियंका वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
पांवटा साहिब: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव का शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इससे पहले उपायुक्त ने यमुना घाट पहुंचकर मां यमुना की आरती में भाग लिया और परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि पांवटा साहिब हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व रखने वाला शहर है। यमुना नदी के किनारे बसा यह शहर अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध परंपराओं के लिए जाना जाता है। उत्तराखंड और हरियाणा की सीमाओं से सटे होने के कारण यहां विभिन्न संस्कृतियों का मेल देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि यमुना शरद महोत्सव जैसे आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही, समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग की भावना भी बढ़ती है।

उपायुक्त ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह उत्सव आने वाले वर्षों में भी क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में सहायक होते हैं।
एसडीएम ने मुख्य अतिथि को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान पांवटा साहिब के एसडीएम द्विज गोयल ने उपायुक्त प्रियंका वर्मा को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन निर्मल कौर, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मीक्का, तहसीलदार मस्त राम शर्मा, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी कंचन बाला, नगर परिषद के पार्षद, अश्वनी शर्मा, हिमोत्कर्ष के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
यमुना शरद महोत्सव पांवटा साहिब की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है।


