
पांवटा साहिब: आधार कार्ड के अभाव में 22 वर्षीय दिव्यांग कुलदीप पेंशन और राशन से वंचित, मां लगा रही मदद की गुहार
पांवटा साहिब: सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए कई प्रयास किए जाते हैं, लेकिन कभी-कभी दस्तावेजों की कमी के कारण पात्र लोग भी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसा ही एक मामला पांवटा साहिब की मुंगलावाला करतारपुर पंचायत के करतारपुर गांव से सामने आया है। यहां 22 वर्षीय दिव्यांग कुलदीप कुमार आधार कार्ड नहीं होने के कारण सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राशन की सुविधा से वंचित हैं।

कुलदीप बचपन से ही दिव्यांग हैं। उनकी माता नीलम देवी के अनुसार, बेटे का 80 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाणपत्र कई साल पहले बन चुका है, लेकिन आधार कार्ड नहीं होने के कारण आज तक उसकी पेंशन शुरू नहीं हो पाई। वहीं, राशन की ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण परिवार को राशन मिलने में भी परेशानी हो रही है।
मामले की जानकारी मिलने पर एक सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्या जानी। इसके बाद जिला कल्याण अधिकारी नाहन गावा सिंह नेगी से फोन पर बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि नई पेंशन स्वीकृत करवाने के लिए आधार कार्ड होना जरूरी है।

इसके बाद तहसील कल्याण अधिकारी सुमन शर्मा से भी मुलाकात कर मामले को उनके सामने रखा गया। उन्होंने जानकारी दी कि कुलदीप का आधार कार्ड बनवाने के लिए जिला अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। इससे उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस दिशा में आगे की कार्रवाई होगी।
अब कुलदीप को आधार कार्ड बनवाने और पेंशन सहित अन्य सरकारी सुविधाएं दिलवाने के लिए उपायुक्त सिरमौर से भी मुलाकात की जाएगी, ताकि परिवार की समस्या का समाधान हो सके।

इस दौरान पांवटा साहिब के निवासी संजीव नागपाल अपने परिवार के साथ कुलदीप के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को राशन और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करवाकर सहायता की।
स्थानीय स्तर पर अब उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन इस मामले में जल्द कदम उठाएगा और कुलदीप को उन सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा, जिनके वे पात्र हैं।
समाजसेवी एवं पत्रकार संजय कंवर लगातार कर रहे मदद के प्रयास
कुलदीप कुमार की समस्या को सामने लाने और उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलवाने के लिए समाजसेवी एवं पत्रकार संजय कंवर के प्रयास लगातार जारी हैं। वह इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर कुलदीप का आधार कार्ड बनवाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन शुरू करवाने और राशन सहित अन्य सरकारी सुविधाएं दिलवाने के लिए प्रयासरत हैं। उनका कहना है कि कुलदीप को उसका अधिकार दिलवाने के लिए प्रशासन के समक्ष यह मामला प्रमुखता से उठाया जाएगा।



