
शिमला में बंदर का हाई-वोल्टेज ड्रामा! 81,800 रुपये लेकर पेड़ पर चढ़ा, नीचे फेंकने लगा नोट
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बंदरों का आतंक अब लोगों की जेब तक पहुंच गया है। शहर के उपायुक्त (DC) कार्यालय के पास एक बंदर ने ऐसा कारनामा किया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बैंक में जमा करवाने के लिए ले जाए जा रहे 81,800 रुपये बंदर ने एक व्यक्ति की जेब से निकाल लिए और पैसों का पैकेट लेकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद बंदर ने एक-एक करके नोट नीचे फेंकने शुरू कर दिए।

जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति 81,800 रुपये लेकर बैंक में जमा करवाने जा रहा था। इसी दौरान डीसी कार्यालय परिसर के नजदीक अचानक एक बंदर ने उसकी जेब से नकदी का पैकेट झपट लिया। इससे पहले कि व्यक्ति कुछ समझ पाता, बंदर पेड़ की ऊंची शाखा पर जा बैठा।
पेड़ पर पहुंचने के बाद बंदर पैकेट से नोट निकालकर नीचे फेंकने लगा। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। व्यक्ति अपनी नकदी वापस पाने के लिए परेशान हो उठा।

लोगों ने मिलकर समेटे नोट
बंदर द्वारा नीचे फेंके गए नोट जमीन पर बिखरने लगे तो मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया। सभी ने मिलकर जमीन पर पड़े नोट इकट्ठा किए। काफी कोशिशों के बाद ज्यादातर नकदी वापस मिल गई, लेकिन व्यक्ति के अनुसार करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया।

इतना ही नहीं, बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट भी फाड़ दिए, जिससे व्यक्ति को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
शिमला में बंदरों का बढ़ता आतंक बना चिंता
इस घटना ने एक बार फिर शिमला में बंदरों की बढ़ती समस्या को चर्चा में ला दिया है। शहर के मालरोड सहित कई इलाकों में बंदरों द्वारा लोगों का सामान और खाने-पीने की चीजें छीनने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
अब सरकारी कार्यालय के पास नकदी छीनने की इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि बंदरों की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि आम लोगों को रोजाना होने वाली ऐसी परेशानियों से राहत मिल सके।




