
कालाअंब में नशा करते पकड़े गए चार युवक, पुलिस ने पिकअप और बाइक भी कब्जे में ली
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना काला अंब की टीम ने मीरपुर कोटला में कार्रवाई करते हुए चार युवकों को कथित तौर पर नशे का सेवन करते हुए पकड़ा है। पुलिस ने चारों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को काला अंब पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मीरपुर कोटला में चार युवक नशे का सेवन करते हुए मिले। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चारों को हिरासत में लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान सूरज ठाकुर पुत्र तेजवीर सिंह ठाकुर निवासी सुरला, नवीन कुमार पुत्र जीवन राम निवासी सुरला, दीपांशु पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र शर्मा निवासी जंगलाभूड़ तथा मयंक पुत्र राजकुमार निवासी कौलावालाभूड़, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी (HP71-1293) और एक मोटरसाइकिल (HP71-5560) को भी कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों के आवश्यक दस्तावेज मौके पर नहीं मिले।
इसके बाद चारों युवकों को मेडिकल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया गया। वहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उनके खून और पेशाब के नमूने जांच के लिए सुरक्षित रखे गए। पुलिस ने यूरिन टेस्ट ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करवाई, जिसमें चारों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।

रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस थाना काला अंब में चारों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगामी जांच जारी है। साथ ही नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



