
नाहन-पांवटा NH-07 पर सड़क हादसा: गड्ढे में गिरकर बाइक से उछली महिला, अस्पताल में तोड़ा दम
सिरमौर जिले में नाहन-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौत हो गई। हादसा शंभूवाला के पास नारियल की रेहड़ी के नजदीक हुआ। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 की सुबह एक मोटरसाइकिल (HP18C-7477) पांवटा साहिब से नाहन की ओर जा रही थी। इसी दौरान शंभूवाला के पास सड़क पर बने गड्ढे में बाइक गिर गई। हादसे के समय मोटरसाइकिल पर चालक के साथ एक महिला पीछे बैठी हुई थी।
बताया जा रहा है कि बाइक के गड्ढे में गिरने से पीछे बैठी महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी। महिला ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान प्रवीण पत्नी सुरेंद्र सिंह निवासी शंभूवाला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। वहीं, मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति की पहचान ध्रुव कुमार पुत्र चमन लाल के रूप में हुई है।
इस मामले में मृतका के परिजनों की ओर से पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत में सड़क पर बने गड्ढों के साथ-साथ बाइक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह बताया गया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर नाहन-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर सड़क की स्थिति और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



