
पांवटा साहिब में पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, फेंका संदिग्ध पैकेट: तलाशी में मिला 2.72 ग्राम चिट्टा
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पांवटा साहिब पुलिस ने एक युवक को 2.72 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को पांवटा साहिब पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम विश्वकर्मा चौक से होते हुए यमुना ब्रिज की ओर पहुंची। यहां पुलिस की गाड़ी को सामने से आता देखकर एक युवक अचानक यमुना पाथ की तरफ मुड़ गया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उस पर नजर रखी।
बताया जा रहा है कि युवक तेज कदमों से आगे बढ़ने लगा और बार-बार पीछे मुड़कर देखने लगा। जब उसे एहसास हुआ कि पुलिस टीम उसके पीछे आ रही है तो उसने अपनी पैंट की जेब से एक वस्तु निकाली और सड़क किनारे फेंककर वहां से भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

इसके बाद पुलिस टीम ने सड़क किनारे फेंकी गई वस्तु को उठाकर जांच की तो उसमें पाउडर जैसा पदार्थ मिला। जांच के दौरान यह पदार्थ चिट्टा (स्मैक/हेरोइन) पाया गया। इसका कुल वजन 2.72 ग्राम निकला।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल चौहान पुत्र सूरत सिंह चौहान निवासी गांव एवं डाकघर शिल्ला, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की आगामी जांच जारी है।




