
100 साल के बुजुर्ग ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि लेने से किया इनकार, बोले- जरूरतमंद को मिले लाभ
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक 100 वर्षीय बुजुर्ग ने ईमानदारी और स्वाभिमान की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। सलूणी पंचायत के घुडेरा गांव निवासी जमीतू ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब उनके पास पहले से रहने के लिए मकान मौजूद है, तो उन्हें सरकारी सहायता लेने की जरूरत नहीं है। यह लाभ किसी दूसरे जरूरतमंद परिवार को मिलना चाहिए।

जानकारी के अनुसार, जमीतू का चयन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए किया गया था। इसके लिए उन्हें आर्थिक सहायता दी जानी थी। लेकिन बुजुर्ग ने अपनी जरूरत को देखते हुए इस सहायता को स्वीकार करने से मना कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि उनके पास रहने के लिए पर्याप्त मकान है और सरकार की यह राशि किसी ऐसे गरीब परिवार को दी जाए, जिसे वास्तव में इसकी जरूरत है।
सोमवार को आयोजित ग्रामसभा में जमीतू ने सार्वजनिक रूप से अपनी यह इच्छा जाहिर की। उनके इस फैसले का वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। बुजुर्ग की सोच और ईमानदारी ने ग्रामसभा में मौजूद लोगों को काफी प्रभावित किया।

जमीतू की इस सराहनीय पहल के लिए ग्राम पंचायत सलूणी के प्रधान मदन मोहन शर्मा और सेवानिवृत्त चीफ फार्मासिस्ट प्रेम सिंह ने उन्हें सम्मानित किया।
इस मौके पर पंचायत प्रधान मदन मोहन शर्मा ने कहा कि आज के समय में जहां लोग सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रयास करते हैं, वहीं 100 वर्ष की उम्र में जमीतू ने अपनी जरूरत से ऊपर उठकर दूसरे जरूरतमंद के हित के बारे में सोचा है। यह उनके ऊंचे संस्कारों और ईमानदार सोच को दर्शाता है।

जमीतू की यह पहल समाज को संदेश देती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हीं लोगों तक पहुंचना चाहिए, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। उनका यह कदम निश्चित रूप से दूसरी पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।



