
धर्मशाला: BA छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ**त, नाले के पास मिला श**व: परिजनों ने महिला अध्यापिका पर लगाए गंभीर आरोप
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला में BA अंतिम वर्ष की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव शिव मंदिर रोड के पास बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा राजकीय डिग्री कॉलेज धर्मशाला में BA अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। 13 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि शिव मंदिर रोड के पास एक छात्रा का शव मिला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
इस मामले में छात्रा के परिजनों ने कॉलेज की एक महिला अध्यापिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि छात्रा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि संबंधित अध्यापिका की ओर से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिवार ने पुलिस को शिकायत सौंपकर महिला अध्यापिका के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस को मामले से जुड़ा एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सुसाइड नोट, परिजनों के आरोपों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



