
हिमाचल प्रदेश: सुबह माता-पिता की शिकायत लेकर थाने पहुंची 11वीं की छात्रा, दोपहर में बस अड्डे से हुई लापता: कमरे में मिला चौंकाने वाला पत्र
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा अपने माता-पिता के साथ किराए के कमरे में रहती थी। उसके लापता होने के बाद कमरे में मिला एक पत्र पुलिस और परिजनों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, वीरवार सुबह किसी बात को लेकर माता-पिता की डांट से नाराज होकर छात्रा पुलिस थाने पहुंच गई। यहां उसने अपने ही माता-पिता के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों को थाने बुलाया। इसके बाद पुलिस ने छात्रा और उसके माता-पिता को समझाया तथा काउंसलिंग की।
दोपहर तक चली बातचीत के बाद छात्रा अपनी मां के साथ घर लौटने के लिए तैयार हो गई। हालांकि, थाने से बाहर आने के बाद उसके पिता अपनी ड्यूटी पर चले गए और छात्रा अपनी मां के साथ बस अड्डे तक पहुंची। इसी दौरान छात्रा ने मां से कोई बहाना बनाया और अचानक वहां से गायब हो गई।

मां को लगा कि बेटी शायद अपने कमरे में पहुंच गई होगी, लेकिन शाम को घर पहुंचने पर वह वहां नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कमरे में बिस्तर के पास एक पत्र मिला, जिसमें छात्रा ने लिखा था कि वह माता-पिता और अपने सपनों को पूरा करने के लिए कमाने जा रही है। पत्र में एक कंपनी से 30 हजार रुपये मासिक वेतन की नौकरी मिलने का भी जिक्र किया गया था। साथ ही उसने कामयाब होने के बाद वापस लौटने की बात लिखी थी।
सोशल मीडिया संपर्क में रहने वाला युवक जांच के घेरे में

मामले की जांच के लिए पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली है। छात्रा की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए उसके संपर्क में रहने वाले एक युवक को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।
एएसपी राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक युवक से पूछताछ की जा रही है और छात्रा को सुरक्षित तलाशने के लिए पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर कार्रवाई कर रही हैं।



