गुरु रविदास जयंती: काशी पहुंची हिमाचल भाजपा की विशेष टोली, कलश वंदन यात्रा से पूरे प्रदेश तक जाएगा समरसता का संदेश

शिमला: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कलश वंदन यात्रा में भाग लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की 16 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय टोली काशी (वाराणसी) पहुंच गई है। यह यात्रा गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक सद्भाव, मानवता और आध्यात्मिक मूल्यों के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि गुरु रविदास जी का जीवन समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का प्रतीक रहा है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव से ऊपर उठकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर से श्रद्धालु और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिमंडल काशी में एकत्रित हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश से पहुंची भाजपा की यह टीम कलश वंदन यात्रा के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से गुरु रविदास जी के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि समाज में समरसता और सामाजिक एकता को और अधिक मजबूती मिल सके।


जानकारी के अनुसार, कलश वंदन यात्रा 2 अगस्त को हिमाचल प्रदेश पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा जिला मुख्यालयों से होकर विभिन्न मंडलों तक जाएगी। आगे चलकर इसे बूथ स्तर तक ले जाने की योजना बनाई गई है। इस दौरान कलश के साथ लाई गई पवित्र मिट्टी को गुरु रविदास मंदिरों अथवा अन्य धार्मिक स्थलों पर पौधारोपण कार्यक्रमों में उपयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को सेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश देना भी है।
भाजपा की प्रदेश स्तरीय टोली में प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अजय कबीर, उपाध्यक्ष चेत राम, सचिव अजय चौहान, पवन जस्सी, प्रवक्ता अभिषेक इंदौरिया, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव पवन चौधरी, सोलन भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, मंडल महामंत्री राम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी शामिल हैं।

पार्टी का कहना है कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और सेवा के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का एक व्यापक अभियान है। इसके माध्यम से गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।


