Himachal Monsoon Alert: सफर से पहले फोन में सेव कर लें ये 2 नंबर, मुसीबत में तुरंत मिलेगी मदद

हिमाचल प्रदेश में लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए राज्य सरकार ने लोगों और प्रदेश आने वाले पर्यटकों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है। भारी बारिश, भूस्खलन, बादल फटने और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं की आशंका के बीच प्रशासन ने सभी से सतर्क रहने की अपील की है। सरकार का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है, इसलिए यात्रा से पहले मौसम और सड़क की जानकारी जरूर लें।
आपात स्थिति में लोगों की मदद के लिए सरकार ने दो टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। राज्य स्तर पर किसी भी आपदा की सूचना देने या सहायता प्राप्त करने के लिए 1070 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, जिला स्तर पर तत्काल सहायता के लिए 1077 हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सड़क बंद हो, भूस्खलन हो जाए या किसी अन्य प्राकृतिक आपदा की स्थिति बने तो जोखिम उठाने के बजाय तुरंत इन नंबरों पर सूचना दें।
सरकार ने यात्रा करने वालों के लिए कुछ जरूरी सावधानियां भी बताई हैं। किसी भी सफर पर निकलने से पहले मौसम विभाग की ताजा जानकारी और संबंधित मार्ग की स्थिति जरूर जांचें। यदि रास्ते में वाहन खराब हो जाए तो उसे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और दूसरे वाहनों को सतर्क करने के लिए चेतावनी संकेतों का इस्तेमाल करें। आपात स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है। साथ ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।


मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने कहा कि राज्य सरकार मानसून से जुड़ी किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर प्रशासन और संबंधित विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड पर काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और संवेदनशील इलाकों में जाने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें।
सरकार का कहना है कि समय पर मिली सही जानकारी और लोगों की सतर्कता ही प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सबसे बड़ा बचाव साबित हो सकती है। इसलिए यात्रा से पहले तैयारी करें, मौसम पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।



