Paonta Sahib: NH-707 पर तेज रफ्तार बाइक बनी मौ+त का कारण, एक युवक की दर्दनाक मौ+त, दो साथी घायल

पांवटा साहिब: सिरमौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापिट से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना सतौन निवासी वीरेंद्र सिंह तोमर ने दी। उन्होंने बताया कि वह पांवटा साहिब से अपने गांव लौट रहे थे। जब वह खतैण्ड़ पुल से आगे एक मोड़ पर पहुंचे तो सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक दिखाई दी। पास जाकर देखा तो तीन युवक घायल अवस्था में पड़े थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बाइक पर कृष्ण, तेजपाल और रणदीप नाम के तीन युवक सवार थे। तीनों सिरमौर जिले के खोडोवाला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक बाइक कृष्ण चला रहा था। तेज रफ्तार होने के कारण मोड़ पर उसका बाइक से संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे पैरापिट से जा टकराई।


टक्कर बेहद जोरदार थी। हादसे में बाइक चालक कृष्ण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पीछे बैठे तेजपाल और रणदीप घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां भी एकत्र की हैं। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन और सावधानी बरतना ऐसे हादसों से बचने के लिए बेहद जरूरी है।


