
Sirmaur: पांवटा साहिब के जंगल में अवैध शिकार की तैयारी कर रहे थे दो आरोपी, वन विभाग ने मौके पर दबोचा, बंदूकें और संदिग्ध सामग्री बरामद
पांवटा साहिब: वन्यजीवों का अवैध शिकार करने की कोशिश कर रहे दो लोगों को वन विभाग की टीम ने समय रहते पकड़ लिया। विभाग की इस कार्रवाई से जंगल में शिकार की योजना बना रहे आरोपियों के मंसूबों पर पानी फिर गया। पकड़े गए लोगों में एक 32 वर्षीय युवक और दूसरा नाबालिग शामिल है।

जानकारी के अनुसार, पांवटा साहिब के वन क्षेत्र में अवैध शिकार की आशंका को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान रेंज ऑफिसर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
वन विभाग के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान दिनेश कुमार (32) के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी नाबालिग है, इसलिए नियमों के तहत उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग को उसके पिता के हवाले कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपियों के पास से दो सिंगल बैरल मजल लोडेड बंदूकें और दो बैग बरामद किए। बैगों की जांच करने पर करीब दो मीटर लंबी क्लच वायर, विस्फोटक सामग्री, धातु के छर्रे और कपड़े के टुकड़े मिले। इसके अलावा चाय बनाने का सामान भी बरामद हुआ। इससे शुरुआती तौर पर अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी जंगल में कुछ समय तक रुकने की तैयारी करके आए थे।
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में मामला वन्यजीवों के अवैध शिकार के प्रयास से जुड़ा पाया गया है। विभाग ने बरामद हथियारों और अन्य सामान को अपने कब्जे में ले लिया है।

इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, धारा 52 तथा धारा 2(16) और 2(35) के तहत कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग मामले की आगामी जांच में जुटा है।



