
Paonta Sahib: यमुना पुल के पास भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई बाइक, 30 वर्षीय युवक की मौके पर मौ**त, साथी गंभीर
पांवटा साहिब (सिरमौर): पांवटा साहिब-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर यमुना नदी के नए पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। इस दुर्घटना में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया।

मिली जानकारी के अनुसार बायांकुआं निवासी बबलू (30) अपने साथी दीपक (25) के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जब वे यमुना नदी पर बने नए पुल के नजदीक पहुंचे तो उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक से पीछे की ओर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बबलू को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दीपक भी दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के बाद घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपक को प्राथमिक उपचार दिया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाते हुए आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाइक ट्रक से किन परिस्थितियों में टकराई और दुर्घटना की असली वजह क्या रही।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में बबलू की मौत की खबर से उसके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान बेटे को खोने से परिवार सदमे में है। वहीं, बायांकुआं क्षेत्र में भी इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है।



