
शिलाई गो*लीकां*ड में बड़ा अपडेट: खजान सिंह ह*त्याकां*ड में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक तीन पुलिस की गिरफ्त में
शिलाई (सिरमौर): शिलाई क्षेत्र में खजान सिंह हत्याकांड की जांच में सिरमौर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार निवासी अमरपुर, नाहन और फरिह्या शेख निवासी घुन्नू घाट, नाहन के रूप में हुई है। दोनों को 22 नवंबर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को शिलाई थाना क्षेत्र में खजान सिंह निवासी गांव क्यारटा पिपलटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस थाना शिलाई में 11 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1), 115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर गहनता से जांच की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 नवंबर को इस मामले के मुख्य आरोपी विनोद कुमार निवासी कथयाड, टिम्बी (शिलाई) को गिरफ्तार किया था।

इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस को वारदात में दो अन्य लोगों की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। इसी आधार पर पुलिस ने विशाल कुमार और फरिह्या शेख को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों गिरफ्तार आरोपियों को 24 नवंबर को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अदालत से उनका रिमांड हासिल कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पूछताछ करेगी।

सिरमौर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और वारदात से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।



