
शिलाई में ब्लाइंड म*र्ड*र का खुलासा! बहन को भगाकर ले जाने की रंजिश में युवक ने रची ह**त्या की साजिश, गो*ली मा*रक*र भाई की ली थी जान
सिरमौर/शिलाई: सिरमौर पुलिस ने शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों पर गोली चलाने और एक की हत्या करने के मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में कथित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को रविन्द्र सिंह निवासी गांव क्यारटा पिपलटी ने शिलाई पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि वह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर चांदपुर धार से घर लौट रहा था। सुबह करीब 7:20 बजे कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे उसके भाई खजान सिंह नीचे गिर गए।
घर पहुंचने पर रविन्द्र ने अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला। हेलमेट के अंदर से चांदी रंग की धातु की गोली भी बरामद हुई। रविन्द्र के सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। बाद में उपचार के दौरान खजान सिंह की मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण SFSL जुन्गा की विशेषज्ञ टीम से करवाया गया। पुलिस अधीक्षक सिरमौर और SDPO पांवटा साहिब ने भी मौके का निरीक्षण किया।
मामले की जांच के लिए DSP मानविंदर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस ने 18 नवंबर को विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार किया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी ने बताया कि मृतक के बेटे रोहित द्वारा उसकी बहन सुमन को घर से भगाकर ले जाने के कारण वह रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस आरोपी को शिलाई अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है। मामले की आगामी जांच जारी है।



