
पांवटा साहिब में SIU की दो जगह छापेमारी, स्कूटी और बाइक सवार 4 युवक 5.88 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार
पांवटा साहिब: सिरमौर पुलिस की एसआईयू नाहन टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने स्कूटी और मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों को चिट्टा/स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 5.88 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई भुपपुर टोल बैरियर के पास की गई। यहां एसआईयू टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी पर कुंजा की तरफ से भुपपुर आ रहे हैं और नशीले पदार्थों की बिक्री में शामिल हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने HP17C-7694 नंबर की स्कूटी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी सवार दिव्यांश शर्मा निवासी पिपलीवाला, पुरुवाला और स्वयंम ठाकुर निवासी जामनीवाला, पांवटा साहिब के पास से 3.01 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, दूसरी कार्रवाई रैनबैक्सी चौक पांवटा साहिब के पास की गई। यहां गश्त के दौरान एसआईयू टीम को सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल पर कुंजा की ओर से स्मैक लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने HP17G-6365 नंबर की मोटरसाइकिल को रोककर जांच की।
इस दौरान मोटरसाइकिल सवार अब्दुल रहमान निवासी संतोषगढ़, पुरुवाला और विनोद शर्मा निवासी पाब, कफोटा के कब्जे से 2.87 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

दोनों मामलों में पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थ के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
सिरमौर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



