
पांवटा साहिब: देईजी साहिबा मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों की खैर नहीं! SDM ने दिए नोटिस और अवैध रास्ते बंद करने के निर्देश
पांवटा साहिब, 17 नवंबर: पांवटा साहिब के देवी नगर के पास स्थित देईजी साहिबा मंदिर की भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल (IAS) ने राजस्व विभाग और नगर परिषद की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर की जमीन पर हुए निर्माण और रास्तों की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार, नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता, राजस्व विभाग के कर्मचारी और मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर की भूमि पर अतिक्रमण करने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किए जाएं।
इसके साथ ही उन प्रॉपर्टी डीलरों की भूमिका की भी जांच करने को कहा गया है, जिन पर मंदिर की जमीन को रास्ता बताकर कथित तौर पर लोगों को गुमराह करते हुए प्लॉट बेचने का आरोप है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, नगर परिषद को संबंधित मकानों के स्वीकृत भवन नक्शे उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इन नक्शों की जांच के बाद यदि निर्माण में किसी तरह की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित भवन मालिकों को भी नोटिस जारी किए जाएंगे।
एसडीएम द्विज गोयल ने स्पष्ट किया कि मंदिर की भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।

प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि मंदिर की जमीन पर बनाए गए अनधिकृत रास्तों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बंद किया जाएगा। साथ ही इन रास्तों के निर्माण के लिए किए गए अवैध निर्माण को भी हटाया जाएगा।
इस कार्रवाई से मंदिर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने की दिशा में प्रशासन ने कदम बढ़ा दिया है।



