
Himacha Pradesh: बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पिता से 18 लाख की ठगी, थमा दिया फर्जी नियुक्ति पत्र
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां शातिरों ने एक पिता को उसके बेटे की सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर करीब 18 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने परिवार को विश्वास में लेने के लिए बेटे के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र तक तैयार करवा दिया। जब दस्तावेजों की जांच हुई तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।

जानकारी के अनुसार, मामला सुजानपुर थाना क्षेत्र के गांव बैरी का है। यहां रहने वाला एक व्यक्ति अपने बेटे को सरकारी नौकरी दिलवाना चाहता था। इसी बात का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने दावा किया कि वे उसके बेटे को सरकारी विभाग में नौकरी दिलवा सकते हैं। उनकी बातों पर भरोसा करके पिता ने अलग-अलग समय पर करीब 18 लाख रुपये दे दिए।
ठगी को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पूरी योजना तैयार की थी। परिवार का विश्वास जीतने के लिए बेटे के नाम पर नियुक्ति आदेश भी सौंप दिया गया। इससे पिता को लगा कि उसके बेटे का सरकारी नौकरी पाने का सपना पूरा हो गया है।

हालांकि, जब नियुक्ति पत्र की वास्तविकता जांची गई तो पता चला कि वह पूरी तरह फर्जी है। यह जानकारी सामने आते ही परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद पीड़ित ने सुजानपुर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में कांगड़ा जिले के रवि कुमार, पंजाब के पठानकोट निवासी तिलक राज और महाराष्ट्र के राहुल किशोर गायकवाड़ के नाम सामने आए हैं। पीड़ित का आरोप है कि महाराष्ट्र निवासी राहुल किशोर ने उसके बेटे के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करवाने में मुख्य भूमिका निभाई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों और इस ठगी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।



