
पांवटा साहिब: ‘अक्षरम-2026’ में बॉलीवुड अभिनेत्री संध्या मृदुल ने बढ़ाई रौनक, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
पांवटा साहिब: द स्कॉलर्स होम स्कूल, पांवटा साहिब में 15 नवंबर को वार्षिक समारोह ‘अक्षरम-2026’ धूमधाम के साथ मनाया गया। शब्दों, साहित्य, कला और भारतीय संस्कृति को समर्पित इस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री संध्या मृदुल सहित कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। समारोह में विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों और अतिथियों के साथ हुए विशेष संवाद ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में अभिनेत्री संध्या मृदुल, नीरज बाली और जस्सी संघा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत सौम्या द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एन.पी.एस. नारंग ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अतिथियों के अनुभवों से सीखने का अवसर मिला। संध्या मृदुल ने ‘द आर्ट ऑफ बीकमिंग’, नीरज बाली ने ‘लाइफ लेसन्स फ्रॉम द बैटलफील्ड’ और जस्सी संघा ने ‘मैं वापस आऊंगा’ विषय पर विद्यार्थियों से बातचीत की। इन संवादों में जीवन के अनुभवों, संघर्ष, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

समारोह में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यालय में 20 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अमित कुमार, उमा रानी, रणजीत कौर, जगत सिंह और दिल मोहम्मद को विशेष सम्मान दिया गया। इसके अलावा 10 वर्ष की सेवाएं पूरी करने पर रितु कौशिश, सुखनीत कौर, सीमा ठाकुर, कनुप्रिया बिष्ट और रानी देवी को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कथक, गरबा, गिद्धा, भांगड़ा, सूफी संगीत और वेस्टर्न फ्यूजन की शानदार प्रस्तुतियां दीं। ‘रक्षक या भक्षक’ और ‘द कोर्ट ऑफ ह्यूमैनिटी’ जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों और मानवीय मूल्यों को भी सामने रखा गया। सुश्री निशा लूथरा की संगीतमय प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

विद्यालय के वरिष्ठ प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार जताया। वहीं, निदेशक गुरमीत कौर नारंग ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत की सराहना की।
डॉ. एन.पी.एस. नारंग और गुरमीत कौर नारंग के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह ने शिक्षा के साथ साहित्य, कला और संस्कृति के महत्व को भी उजागर किया।




