
पांवटा साहिब: द स्कॉलर्स होम स्कूल में 15 नवंबर को सजेगा ‘अक्षरम-2026’, बॉलीवुड अभिनेत्री संध्या मृदुल सहित कई हस्तियां करेंगी शिरकत
पांवटा साहिब: द स्कॉलर्स होम स्कूल, पांवटा साहिब में 15 नवंबर 2026 को वार्षिक समारोह ‘अक्षरम-2026’ का आयोजन किया जाएगा। ‘शब्दों का उत्सव’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में शिक्षा, कला, साहित्य, संस्कृति और जीवन के अनुभवों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समारोह में देश की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाएंगी।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेत्री सुश्री संध्या मृदुल, मेजर जनरल नीरज बाली, सुश्री जस्सी संघा, डॉ. निशा लूथरा और सुश्री सौम्या विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। समारोह के दौरान इन सभी अतिथियों के साथ विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों में जीवन में आगे बढ़ने की कला, कठिन परिस्थितियों से मुकाबला करने का साहस, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। ‘द आर्ट ऑफ बीकमिंग’, ‘लाइफ लेसन्स फ्रॉम द बैटलफील्ड’ और ‘मैं वापस आऊंगा’ जैसे विषयों के जरिए विद्यार्थियों को जीवन के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण रहेंगे। विद्यार्थी कथक नृत्य की प्रस्तुति ‘घुंघरू की गूंज’ के साथ वेस्टर्न इंडी फ्यूजन और सूफियाना संगीत से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा गरबा, भांगड़ा, गिद्धा और सूफी समा जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की अलग-अलग लोक परंपराओं की झलक दिखाई जाएगी।
कार्यक्रम में सामाजिक विषयों पर आधारित नाटकों का मंचन भी होगा। ‘रक्षक या भक्षक’ और ‘द कोर्ट ऑफ ह्यूमैनिटी’ जैसी प्रस्तुतियों के जरिए समाज की चुनौतियों, मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को दर्शाया जाएगा।

स्कूल में आयोजित होने वाला यह वार्षिक समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, कला और जीवन के सकारात्मक पहलुओं से जोड़ने का प्रयास है। ‘अक्षरम-2026’ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता दिखाने और प्रतिष्ठित हस्तियों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।



