
पांवटा साहिब के सतौन में 53 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध हालात में मिला श**व, ह*त्*या की आशंका से मचा हड़कंप….
पांवटा साहिब: जिला सिरमौर के सतौन क्षेत्र के शावड़ी गांव में एक 53 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कल्याण सिंह निवासी गांव शावड़ी के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने मौत को लेकर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।

जानकारी के अनुसार, कल्याण सिंह गांव में अचेत अवस्था में मिले थे। उनकी हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उन्हें सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव के लोग भी स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कल्याण सिंह की मौत को सामान्य नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई ठोस तथ्य या आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है।



