दुखद: सड़क हादसे में गिरीपार ने खोया अपना लाल! सेना का जवान कपिल इलाज के दौरान शहीद
गिरीपार क्षेत्र एक बार फिर शोक में डूब गया है। देश सेवा में तैनात भारतीय सेना के जवान कपिल सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान शहीद हो गए। उनके निधन से पूरे सिरमौर जिले, खासकर गिरीपार क्षेत्र में गम का माहौल है।

दुखद: सड़क हादसे में गिरीपार ने खोया अपना लाल! सेना का जवान कपिल इलाज के दौरान शहीद
भारतीय सेना की ग्रेनेडियर रेजिमेंट में सेवारत जवान कपिल जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स के तहत तैनात थे। वे इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। 8 जनवरी को उत्तराखंड के सेलाकुई में हुए सड़क हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें सेलाकुई स्थित ग्राफिकएरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीते कई दिनों से वे अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे थे। बुधवार देर रात करीब 2:50 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।


जवान कपिल के शहीद होने की सूचना मिलते ही उनकी सैन्य बटालियन के साथ-साथ पूरे गिरीपार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सिरमौर जिला, जो गिरीपार क्षेत्र के नाम से जाना जाता है, ने अपना एक और वीर सपूत खो दिया।
शहीद कपिल मूल रूप से जिला सिरमौर की तहसील शिलाई की ग्राम पंचायत मिल्ला के पटना गांव के निवासी थे। वे पिता पंचराम और माता जयंती देवी की संतान थे। छह भाई-बहनों में कपिल सबसे बड़े और बेहद होनहार थे।

परिवार उनके विवाह की तैयारियों की सोच रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बेटे की शहादत से माता-पिता और पूरा गांव सदमे में है।
जानकारी के अनुसार कपिल का जन्म 2 जून 1998 को हुआ था। उन्होंने 18 सितंबर 2018 को ग्रेनेडियर रेजिमेंट की 16वीं बटालियन में भर्ती होकर देश सेवा शुरू की थी। वर्तमान में वे 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स के अंतर्गत सेवाएं दे रहे थे।
भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा-शिलाई ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। संगठन ने कहा कि देश ने एक साहसी और समर्पित जवान को खो दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहीद जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पटना में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। पूरा गिरीपार क्षेत्र अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई देगा।
दिन भर की ताजा खबरों के अपडेट के लिए WhatsApp NewsGhat Media के इस लिंक को क्लिक कर चैनल को फ़ॉलो करें।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!


