Haroli Utsav: हरोली उत्सव में लगेगा सितारों का जमावड़ा! गिप्पी ग्रेवाल और एमी विर्क बिखेरेंगे सुरों का जादू, 13 अप्रैल की छुट्टी घोषित

Haroli Utsav: राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 इस वर्ष और भी अधिक उत्साह एवं सांस्कृतिक विविधता के साथ आयोजित किया जा रहा है। 11 से 14 अप्रैल तक हरोली-रामपुर पुल के समीप सोमभद्रा नदी के तट पर स्थित हरोली मैदान, रोड़ा में यह उत्सव भव्य रूप में सजेगा। उत्सव के दौरान चारों दिन आयोजित होने वाली स्टार नाइट्स विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

Haroli Utsav: हरोली उत्सव में लगेगा सितारों का जमावड़ा! गिप्पी ग्रेवाल और एमी विर्क बिखेरेंगे सुरों का जादू, 13 अप्रैल की छुट्टी घोषित
इन सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचल के साथ-साथ पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वैसाखी पर्व से जुड़े इस आयोजन में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल और एमी विर्क समेत अनेक नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे और सोमभद्रा तट को वैसाखी के रंगों से सराबोर करेंगे।

एसडीएम हरोली विशाल शर्मा ने बताया कि उत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम आयोजित होने वाली स्टार नाइट्स में लोकप्रिय कलाकार मंच को अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से सजायेंगे। 11 अप्रैल की संध्या में पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, 12 अप्रैल को जी. खान, 13 अप्रैल को हिमाचल के सुप्रसिद्ध कलाकार कुलदीप कुमार एवं अनुज शर्मा और 14 अप्रैल को गुलरेज़ अख़्तर एवं एमी विर्क राज्य स्तरीय हरोली उत्सव में अपने सुरों का जादू बिखेर कर लोगों का मनोरंजन करेंगे।


स्थानीय कलाकारों की ऑडिशन प्रक्रिया पूरी
विशाल शर्मा ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं में प्रतिभा प्रदर्शन करने वाले स्थानीय कलाकारों की ऑडिशन प्रक्रिया भी मंगलवार को सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई। ऑडिशन समूरकलां स्थित लता मंगेश्कर भवन में लिये गये। दो दिन चली इस प्रक्रिया में राज्य के विभिन्न ज़िलों से चयन के लिए आए 50 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए गायन, नृत्य व अन्य सांस्कृतिक विधाओं में भागीदारी दर्ज करवाई।
चयन प्रक्रिया के दौरान कलाकारों ने उत्सव में प्रस्तुति देने के लिए अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि चयनित कलाकारों को 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाले हरोली उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में मंच प्रदान किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।


उन्होंने कहा कि हरोली उत्सव वैसाखी पर्व से जुड़ा ऊना जनपद के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश का एक प्रमुख राज्य स्तरीय आयोजन है, जिसमें क्षेत्र की परंपरागत गतिविधिओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, प्रदर्शनी और अन्य आकर्षक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं, जिसमें पशु मेला, डॉग शो और बेबी शो शामिल है। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
ट्रेड फेयर और खेल प्रतियोगिताएं
उत्सव के दौरान हरोली मैदान में ट्रेड फेयर आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूहों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ यह आयोजन वैसाखी के आर्थिक और सामाजिक आयामों को भी मजबूती देगा। इसके अलावा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
14 अप्रैल को रोजगार मेला
एसडीएम हरोली ने बताया कि हरोली उत्सव-2026 के तहत रोजगार विभाग द्वारा भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। ज़िला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने जानकारी दी कि यह रोजगार मेला 14 अप्रैल को सुबह 10 बजे हरोली मैदान, रोड़ा में आयोजित होगा।
इसमें ल्यूमिनस पॉवर एंड टेक्नोलॉजी लिमिटेड, लिवगार्ड पीर एंड एनर्जी लिमिटेड, स्विस गार्नियर लिमिटेड, नगाड़ा मल्टीप्लास्ट इंडस्ट्री, स्टैनफोर्ड लेबोरेटरीज, एनजीजी पॉवर टेक, सुरिये पोलेक्स, सुखजीत एग्रो इंडस्ट्रीज के अलावा 15 अन्य उद्योगों द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा।
13 अप्रैल को हरोली उप-मण्डल में स्थानीय अवकाश घोषित
जिला ऊना के हरोली उप-मण्डल में राज्य स्तरीय हरोली उत्सव के मद्देनज़र 13 अप्रैल, 2026 को स्थानीय अवकाश रहेगा। इस संबंध में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने स्थानीय अवकाश को लेकर आदेश जारी किए हैं। एसडीएम ने बताया कि उत्सव में सुरक्षा, पार्किंग, लाइटिंग, साउंड एवं व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया है।
साथ ही स्थानीय कला, व्यंजन एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आकर्शक स्टाल भी लगाए जा रहे हैं, जिससे आगंतुकों को एक समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे परिवार सहित अधिकाधिक संख्या में पहुँचकर इन चार दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाएं और मनोरंजन, मेलजोल तथा हिमाचली-पंजाबी संस्कृति के अनूठे संगम का आनंद लें।

Our passionate journalist at Newsghat, dedicated to delivering accurate and timely news from Paonta Sahib, Sirmaur, and rural areas. With a focus on community-driven stories, we ensures that every report reaches you with clarity and truth. At Newsghat, it’s all about “आपकी बात”!



