Paonta Sahib: कोटड़ी व्यास की 6 बेटियों का स्टेट टूर्नामेंट में चयन, मंडी में सिरमौर का करेंगी प्रतिनिधित्व
पांवटा साहिब। सिरमौर जिले के पांवटा दून क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटड़ी व्यास की छह होनहार छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की है। इन छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब ये खिलाड़ी 26 से 28 अक्टूबर तक मंडी के हाटगढ़ में आयोजित होने वाले स्टेट टूर्नामेंट में सिरमौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। छात्राओं की इस सफलता से स्कूल, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटड़ी व्यास की छात्राओं ने हैंडबॉल और टेबल टेनिस में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए इन खिलाड़ियों का स्टेट कैंप नाहन मॉडल स्कूल में संपन्न हुआ।
हैंडबॉल और टेबल टेनिस में दिखाया दम

स्कूल के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने बताया कि हैंडबॉल में मन्नत, मनीषा और निधि का चयन राज्य स्तरीय टूर्नामेंट के लिए हुआ है। वहीं, टेबल टेनिस में सुहाना, आरुषि और यशस्वी ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्टेट टूर्नामेंट में जगह बनाई है।
इन छह छात्राओं के चयन से कोटड़ी व्यास पंचायत सहित पूरे पांवटा दून क्षेत्र में गर्व की भावना है। खिलाड़ियों के परिजनों ने भी बेटियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।

शिक्षकों और खेल स्टाफ की मेहनत को दिया श्रेय
प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी और अभिभावकों ने छात्राओं की सफलता का श्रेय स्कूल के खेल स्टाफ और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, नियमित अभ्यास और शिक्षकों के प्रोत्साहन से छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
स्कूल प्रबंधन और क्षेत्रवासियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे मंडी के हाटगढ़ में होने वाली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेंगी। साथ ही, अपने स्कूल और सिरमौर जिले का नाम रोशन करेंगी।
इन छात्राओं की उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा है। उनकी सफलता से यह संदेश मिलता है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के दम पर खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।


