भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता का सरकार पर हमला! बोले- गड्ढों में तब्दील हुईं पांवटा की सड़कें, कब जागेगा विभाग?

पांवटा साहिब, 14 जुलाई। भाजपा युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष संयम गुप्ता ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अधिकांश सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संयम गुप्ता ने कहा कि विश्वकर्मा चौक-देवीनगर मार्ग समेत कई सड़कें गहरे गड्ढों, उखड़ी सतह और टूटे किनारों के कारण दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसल रहे हैं और छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर सड़क मरम्मत के नाम पर केवल मिट्टी और रेत डालकर औपचारिकता निभाई जा रही है। उनका कहना है कि पहली बारिश में यह सामग्री बह जाती है और सड़कें फिर पहले जैसी खराब हो जाती हैं। उन्होंने विभाग से स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की।


संयम गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री को स्वयं पांवटा साहिब आकर सड़कों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए। उनके अनुसार जनता को बड़े-बड़े दावों की नहीं, बल्कि सुरक्षित और बेहतर सड़कों की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे सरकार को राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद सड़कों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने सरकार से पूरे विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों का सर्वे कराकर जल्द स्थायी मरम्मत कराने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व संबंधित ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

संयम गुप्ता ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा जनता से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि लोगों के हितों और बेहतर सड़क व्यवस्था के लिए आंदोलन या संघर्ष करना पड़ा तो संगठन पीछे नहीं हटेगा।

