
हिमाचल में 3 दिसंबर से बदलेगा मौसम, ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार
शिमला: हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चल रहा सूखा मौसम अब बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 3 दिसंबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आएगा।

मौसम विभाग के मुताबिक 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि, 2 दिसंबर की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 3 दिसंबर को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 4 दिसंबर को मध्य और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह बारिश और हिमपात होने के आसार हैं।
कई जिलों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक कुछ मैदानी इलाकों में कोहरे की चेतावनी भी जारी की है। बिलासपुर के भाखड़ा जलाशय क्षेत्र, हमीरपुर के सुजानपुर टिहरा और मंडी की बल्ह घाटी में देर रात और सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
नवंबर में सामान्य से 82 प्रतिशत कम बारिश

प्रदेश में नवंबर महीने के दौरान बारिश में भारी कमी दर्ज की गई है। 1 से 27 नवंबर तक सामान्य रूप से 17.1 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस दौरान केवल 3.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य से 82 प्रतिशत कम है।
बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में बारिश नहीं हुई। वहीं, कांगड़ा में 99 प्रतिशत, कुल्लू और मंडी में 98 प्रतिशत, सोलन में 96 प्रतिशत और शिमला में 91 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे
प्रदेश के जनजातीय इलाकों में ठंड का असर बढ़ गया है। शनिवार को ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री और कुकुमसेरी में माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और मनाली में 3.4 डिग्री रहा।
वहीं, ऊना में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। उधर, वीकेंड पर शिमला, कुफरी, मनाली और धर्मशाला में पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ी हुई है।



