सावधान! गैस वेरिफिकेशन के नाम पर हो रही ठगी, पांवटा इंडेन गैस एजेंसी ने जारी किया बड़ा अलर्ट

पांवटा साहिब: पांवटा साहिब क्षेत्र में इन दिनों गैस कनेक्शन की वेरिफिकेशन और सुरक्षा जांच के नाम पर लोगों से ठगी करने की कोशिश के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ शातिर लोग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर उपभोक्ताओं को फोन कर रहे हैं। उन्हें गैस वेरिफिकेशन का बहाना बनाकर घर से बाहर किसी स्थान पर बुलाया जा रहा है और पैसे जमा कराने के लिए कहा जा रहा है। इससे कई लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पांवटा इंडेन गैस एजेंसी की संचालिका मीरा देवी ने उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि अधिकृत गैस एजेंसी कभी भी उपभोक्ताओं को वेरिफिकेशन के लिए घर से बाहर नहीं बुलाती। गैस सुरक्षा जांच हमेशा उपभोक्ता के घर पर ही की जाती है।
उन्होंने बताया कि एजेंसी का अधिकृत कर्मचारी घर पहुंचकर गैस चूल्हा, रेगुलेटर, पाइप, सिलेंडर और पूरे गैस सिस्टम की जांच करता है। सुरक्षा मानकों के अनुसार निरीक्षण पूरा होने के बाद ही निर्धारित शुल्क लिया जाता है। यह शुल्क पांच वर्ष की वैध सुरक्षा जांच के लिए 200 रुपये तय है।


एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति फोन कर पहले पैसे जमा कराने के लिए कहता है या बिना किसी जांच के ऑनलाइन या नकद भुगतान मांगता है, तो ऐसे लोगों से तुरंत सावधान हो जाएं। ऐसे व्यक्ति अधिकृत गैस एजेंसी के कर्मचारी नहीं हैं और उनका उद्देश्य लोगों को ठगना हो सकता है।
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं। यदि गैस वेरिफिकेशन या सुरक्षा जांच को लेकर कोई कॉल आए तो पहले अपनी अधिकृत इंडेन गैस एजेंसी से संपर्क कर पूरी जानकारी की पुष्टि करें। बिना जांच के किसी भी व्यक्ति को नकद या ऑनलाइन भुगतान न करें।

इंडेन गैस एजेंसी का कहना है कि थोड़ी सी सतर्कता बड़ी आर्थिक ठगी से बचा सकती है। किसी भी संदिग्ध कॉल या गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित गैस एजेंसी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अन्य उपभोक्ताओं को भी ऐसे साइबर और फर्जीवाड़े से सुरक्षित रखा जा सके।


