सिर्फ 236 रुपये में सालभर की सुविधा! सिरमौर में ‘हिम बस कार्ड’ से हजारों यात्रियों को बड़ा फायदा

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश सरकार की ‘हिम बस कार्ड’ योजना जिला सिरमौर में लोगों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन रही है। इस योजना के जरिए विद्यार्थियों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र वर्गों को एचआरटीसी बसों में मुफ्त या रियायती दरों पर यात्रा की सुविधा मिल रही है। इससे हर महीने यात्रा पर होने वाला खर्च काफी कम हो गया है।
एचआरटीसी के अनुसार जिले में करीब 29 श्रेणियों के लोग इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इनमें सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी, कॉलेज छात्र-छात्राएं, सरकारी कर्मचारी, बोर्ड और निगम कर्मचारी, स्वतंत्रता सेनानी, मान्यता प्राप्त पत्रकार, युद्ध विधवाएं, दिव्यांगजन तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीज शामिल हैं।
योजना के तहत पहली से बारहवीं कक्षा तक के कई विद्यार्थियों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिल रही है। वहीं अन्य पात्र लाभार्थियों को तय नियमों के अनुसार किराये में छूट दी जाती है। इसके अलावा खेल, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को हिमाचल के भीतर एचआरटीसी की साधारण बसों में यात्रा पर 50 प्रतिशत तक की रियायत भी मिलती है।


आईटीआई नाहन के कई प्रशिक्षुओं ने बताया कि पहले हर महीने बस यात्रा पर काफी खर्च होता था, लेकिन अब हिम बस कार्ड मिलने से खर्च में बड़ी कमी आई है। कुछ विद्यार्थियों ने कहा कि उनका मासिक किराया पहले की तुलना में बहुत कम हो गया है, जिससे पढ़ाई जारी रखना आसान हुआ है।
दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुविधा देने के लिए एचआरटीसी की टीमें गांव-गांव जाकर हिम बस कार्ड बना रही हैं। इससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे और समय के साथ यात्रा खर्च भी बच रहा है।

वर्ष 2026 में अब तक सिरमौर जिले में 11,855 हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनमें नाहन इकाई ने 10,119 और पांवटा साहिब इकाई ने 1,736 कार्ड बनाए हैं। बड़ी संख्या में महिलाओं, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों को इस योजना का लाभ मिला है।
एचआरटीसी के अनुसार हिम बस कार्ड एक वर्ष के लिए मान्य होता है और इसे बनवाने के लिए 236 रुपये का न्यूनतम शुल्क देना होता है। योजना की अधिक जानकारी के लिए संबंधित एचआरटीसी कार्यालय या 94180-00551 पर संपर्क किया जा सकता है।

