
Sirmaur: चालदा महासू महाराज के दरबार पहुंचे राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता, बोले- देव संस्कृति और सनातन परंपराएं भारत की असली पहचान
सिरमौर, 25 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता बुधवार को अपनी पत्नी एवं लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता के साथ जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पश्मी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज के पवित्र मंदिर में माथा टेककर प्रदेश और देश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान राज्यपाल ने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की देव संस्कृति और सनातन परंपराएं देश की पहचान हैं। सदियों से चली आ रही ये परंपराएं समाज को एकजुट रखने के साथ-साथ लोगों में आपसी भाईचारे, सम्मान और सद्भाव की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि इस अनमोल सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
राज्यपाल ने कहा कि श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज को भगवान शिव के स्वरूप के रूप में पूजा जाता है। वे सत्य, न्याय, धर्म और जनकल्याण के प्रतीक हैं। देवता के गांव-गांव भ्रमण की परंपरा क्षेत्र की अनूठी धार्मिक पहचान है। यह परंपरा लोगों को आपस में जोड़ने और सामूहिक आस्था को मजबूत करने का काम करती है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की देव संस्कृति दोनों राज्यों के बीच गहरे धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को दर्शाती है। यह परंपरा भौगोलिक सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों में एकता और भाईचारे का संदेश देती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के विचार का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश तेजी से विकास कर रहा है और साथ ही अपनी पुरानी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत को भी आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और स्थानीय परंपराओं से जुड़े रहने की अपील की।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की काफी संभावनाएं हैं। इससे गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सकती है और स्थानीय युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। साथ ही प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देश-विदेश तक पहुंचाई जा सकती है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने की अपील की। साथ ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित कई गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु मौजूद रहे।



