पांवटा साहिब: वार्ड-6 में इंद्रप्रीत कौर का जनसंपर्क तेज, विकास और जनसेवा के दम पर मांगा समर्थन

पांवटा साहिब नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर-6 से पूर्व पार्षद इंद्रप्रीत कौर ने चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। वार्ड में लगातार जनसंपर्क कर वह लोगों से समर्थन और आशीर्वाद मांग रही हैं।
इंद्रप्रीत कौर ने खुद को साफ छवि, शिक्षित और जनता के बीच रहने वाली उम्मीदवार बताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड के लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।
प्रचार के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की। वार्डवासियों ने भी अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। इंद्रप्रीत कौर ने भरोसा दिलाया कि हर छोटी-बड़ी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।


उन्होंने कहा कि वार्ड में सफाई व्यवस्था मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। नियमित कचरा प्रबंधन, स्वच्छ गलियां और बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
पानी, बिजली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का भी उन्होंने वादा किया। इसके अलावा टूटी सड़कों और गलियों के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने की बात कही।

बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। इंद्रप्रीत कौर ने कहा कि सीवरेज और पानी निकासी व्यवस्था को मजबूत कर लोगों को राहत दिलाई जाएगी।
महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने कई योजनाएं सामने रखीं। वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की बात कही गई।
उन्होंने युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि वार्ड का विकास तभी संभव है, जब हर वर्ग को साथ लेकर काम किया जाए।
इंद्रप्रीत कौर ने वार्डवासियों से चुनाव चिन्ह “कुर्सी” पर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

