फेम इंडिया की टॉप-10 DM रैंकिंग में चमके शिमला के DC अनुपम कश्यप, मिला ‘इंडियन हीरोज़ अवॉर्ड

शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप को उनकी उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं के लिए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। फेम इंडिया मैगजीन की देशभर के जिलाधीशों की रैंकिंग में उन्हें आठवां स्थान मिलने पर ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन (AIAA) शिमला ने विशेष सम्मान से नवाजा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सदस्य हिमांशु कुमरा ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर अनुपम कश्यप को पारंपरिक पहाड़ी टोपी, मोफलर, स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक अधिकारी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
हिमांशु कुमरा ने बताया कि ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन (AIAA), जिसका मुख्यालय मुंबई में है, ने उपायुक्त अनुपम कश्यप को ‘इंडियन हीरोज़ अवॉर्ड 2026’ के लिए भी चुना है। एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रसिद्ध टीवी एवं फिल्म अभिनेता रोहिताश गौर तथा रेखा गौर की ओर से उनके नाम का चयन किया गया है।


उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, बेहतर जनसेवा और प्रभावी नेतृत्व के कारण अनुपम कश्यप ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। यही वजह है कि उन्हें देश के उत्कृष्ट जिलाधीशों में शामिल किया गया।
ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन शिमला की ओर से उपायुक्त अनुपम कश्यप को इस उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी गई। एसोसिएशन के सदस्यों ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी वे अपनी कार्यशैली और जनहित के कार्यों से प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

इस सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त अनुपम कश्यप ने भी एसोसिएशन का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा। उनके सम्मान से प्रशासनिक क्षेत्र में कार्य कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों का भी उत्साह बढ़ेगा।


