गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल में 34वीं यूथ स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शानदार आगाज, पहले दिन दिखा खिलाड़ियों का दम

पांवटा साहिब। खालसा स्पोर्ट्स क्लब पांवटा साहिब के आयोजन में साहिबजादा बाबा अजीत सिंह 34वीं यूथ स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शुक्रवार को शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने किया। चैंपियनशिप का आयोजन गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला। एएसपी नरेंद्र कुमार ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर खालसा स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान परमजीत सिंह बंगा, वरिष्ठ उपप्रधान गुरपाल सिंह, सचिव रविंदर सिंह, उपप्रधान गुरजीत सिंह, चरणजीत सिंह, कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बंगा, युवा प्रधान परविंदर सिंह, चरणजीत कालरा, चेयरमैन सतविंदर सिंह, स्कूल डायरेक्टर गुरजीत सिंह सैनी और प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर चावला सहित क्लब व स्कूल के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


इस बार चैंपियनशिप के मुकाबले दो बास्केटबॉल कोर्ट पर खेले जा रहे हैं। पहला कोर्ट गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल का है, जबकि दूसरी जगह नगर पालिका परिषद द्वारा तैयार किया गया बास्केटबॉल ग्राउंड है। पहली बार इस नए मैदान पर भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
पहले दिन बॉयज वर्ग के मुकाबले में सिरमौर को एपीएस दगशाई ने 45-25 से हराया। बिलासपुर ने हमीरपुर को 53-28 से मात दी। पाइन ग्रोव और ऊना के मुकाबले में ऊना की टीम ने 55-41 से जीत हासिल की। वहीं शिमला और सोलन के बीच हुए मैच में सोलन ने 46-37 से बाजी मारी।

गर्ल्स वर्ग में GNMPS ने मंडी को 54-26 से हराया। कांगड़ा और बिलासपुर के बीच बेहद करीबी मुकाबला हुआ, जिसमें बिलासपुर ने 30-29 से जीत दर्ज की। वहीं सोलन ने पाइन ग्रोव को 38-30 से पराजित किया।
पहले दिन हुए मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैदान में खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा, जबकि दर्शकों ने भी रोमांचक मुकाबलों का खूब आनंद लिया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर भी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

