पांवटा साहिब में दूध के नए रेट तय, किसानों ने बनाया मजबूत संगठन का फैसला

पांवटा साहिब: शिवपुर पंचायत घर के प्रांगण में 10 सितंबर 2026 को दूध उत्पादक और विक्रेता किसानों की आम सभा आयोजित हुई। बैठक में गिरिपार और गिरिवार क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों से सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों ने दूध के दाम, गुणवत्ता और संगठन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
बैठक में सर्वसम्मति से पांवटा साहिब क्षेत्र में दूध उत्पादक किसानों का मजबूत संगठन बनाने और उसे पंजीकृत करवाने का निर्णय लिया गया। किसानों ने कहा कि खल, फीड, भूसा और अन्य जरूरी सामान के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए दूध के उचित दाम तय करना जरूरी है।
बैठक में तय किया गया कि गाय का दूध किसान के घर से 61 रुपये प्रति लीटर और बाजार में 80 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेचा जाएगा। वहीं भैंस के दूध का रेट किसान के घर से 80 रुपये और बाजार में 100 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है। ये नए रेट 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे।


किसानों ने यह भी निर्णय लिया कि निर्धारित रेट से कम कीमत पर दूध खरीदने या बेचने वालों के खिलाफ संगठन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। दूध की गुणवत्ता तय करने के लिए फैट के आधार पर मूल्य निर्धारित होगा। इसके लिए संगठन की ओर से फैट मशीन उपलब्ध करवाने की बात कही गई।
बैठक में पांवटा साहिब और गिरिपार क्षेत्र में दो सरकारी दूध कलेक्शन सेंटर खोलने की मांग को लेकर प्रस्ताव भी पारित किया गया।

निर्णय के अनुसार 29 सितंबर तक हर पंचायत में कमेटियों का गठन किया जाएगा और 30 सितंबर को पांवटा ब्लॉक कमेटी का गठन किया जाएगा।
बैठक में तरसेम सिंह सगी, जयदीप सिंह, भूपिंदर सिंह, हरबंस सिंह, सतनाम सिंह, कुंदन सिंह, ज्ञान सिंह चौहान, गुरविंदर सिंह गोपी, अमरजीत सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

