मानसून की एंट्री तय! हिमाचल में 30 जून से भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग का येलो अलर्ट….

हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक अब करीब है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। यदि मौसम की मौजूदा स्थिति बनी रहती है तो 30 जून तक मानसून हिमाचल पहुंच सकता है।
मानसून के आगमन को देखते हुए मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई के लिए प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 26 से 29 जून तक भी कई जिलों में तेज हवाएं चलने, गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में इन दिनों हो रही बारिश मानसून की नहीं है। यह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और राजस्थान से बिहार तक फैली मौसमी द्रोणिका के प्रभाव से हो रही है। इसी कारण प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है।


यदि मानसून समय पर पहुंचता है तो जुलाई के पहले सप्ताह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे खेती और बागवानी से जुड़े लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शिमला और मशोबरा में लगभग 1 मिलीमीटर तथा सुंदरनगर में 0.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सुंदरनगर में ओलावृष्टि भी हुई, जबकि ताबो, बिलासपुर और सुंदरनगर में तेज हवाएं चलीं।

तापमान की बात करें तो शिमला का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। वहीं ऊना 37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। बिलासपुर और नेरी में भी अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

