हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 से 9 अक्टूबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार, इन जिलों में तूफान का येलो अलर्ट

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम में यह बदलाव अगले कई दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र शिमला के मुताबिक 6 से 9 अक्टूबर के बीच राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा 5 और 10 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है।
इन जिलों में आंधी और बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने 6, 7 और 8 अक्टूबर को कुछ जिलों में तेज हवाओं और बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की है।
– 6 अक्टूबर: बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
– 7 और 8 अक्टूबर: कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने, फसलों को नुकसान पहुंचने और कमजोर निर्माण वाले ढांचों को प्रभावित होने का खतरा है। प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने पर सावधानी बरतने और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है।
तापमान में भी आएगी गिरावट
आने वाले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। अधिकतम तापमान में करीब 2 से 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ेगी।
हालिया तापमान आंकड़ों में कुकुमसेरी और ताबो में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा।


